सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात भवन स्थित वित्त एवं लेखा सभागार में दिनांक 01 जून 2026 को वेतन भुगतान प्रणाली (सीपीआरएस) तथा बीएसपी-सैप में बैंक खाता परिवर्तन प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से ‘मेकर – चेकर प्रोविजन फॉर बैंक एकाउंट चेंज’ प्रणाली का शुभारंभ किया गया।
इस प्रणाली का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम तथा कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रमोद कुमार चोखानी, संयंत्र के महाप्रबंधकगण एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नई मेकर-चेकर प्रणाली के माध्यम से बैंक खाता परिवर्तन संबंधी अनुरोधों के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है, जिससे डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होने के साथ-साथ प्रणाली की विश्वसनीयता एवं सुरक्षा में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान इस पहल के महत्व एवं इसके संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी गई। यह व्यवस्था डिजिटल प्रक्रियाओं को सशक्त बनाने तथा मानव संसाधन एवं वित्तीय प्रबंधन प्रणालियों में बेहतर नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों को बैंक खाता परिवर्तन संबंधी अनुरोधों के त्वरित एवं सुरक्षित निष्पादन का लाभ प्राप्त होगा।
इस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन में मानव संसाधन विभाग, सी एंड आईटी विभाग तथा वित्त एवं लेखा विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से इस पहल को सफलतापूर्वक लागू किया गया।