सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्लेट मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) ने हाल के महीनों में अभूतपूर्व उत्पादन एवं प्रेषण उपलब्धियाँ हासिल कर संयंत्र की उत्पादन संस्कृति में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। दोनों विभागों ने लगातार रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए उत्पादन दक्षता, गुणवत्ता तथा परिचालन उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित किए हैं।
इन ऐतिहासिक उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (एमएम) श्री ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (एचआर) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्लेट मिल एवं यूआरएम का दौरा कर दोनों विभागों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों विभाग भविष्य में भी इसी प्रकार नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए बीएसपी की विकास यात्रा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
यूनिवर्सल रेल मिल ने मई 2026 के दौरान अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन दर्ज करते हुए अनेक नए कीर्तिमान स्थापित किए। इस अवधि में मिल ने 11,944 ब्लूम्स (99,983 टन) रोल कर नया सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड बनाया, जो सितंबर 2025 में स्थापित 11,284 ब्लूम्स के पूर्व रिकॉर्ड से अधिक है। विभाग ने 93,397 टन फिनिश्ड उत्पादन तथा 90,594 टन प्राइम उत्पादन कर भी नए रिकॉर्ड स्थापित किए। उल्लेखनीय है कि प्राइम उत्पादन मिल की निर्धारित मासिक क्षमता से भी अधिक रहा, जो गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए निर्धारित क्षमता से अधिक उत्पादन करने की विभाग की क्षमता को प्रदर्शित करता है।
यूआरएम ने मई 2026 में 260 मीटर लंबाई वाले 5,706 वेल्डेड रेल पैनलों का उत्पादन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। इसके साथ ही 130 मीटर रेलों का उत्पादन 9,755 संख्या तक पहुंचकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक स्तर दर्ज किया गया। गुणवत्ता परीक्षण एवं निरीक्षण के क्षेत्र में भी विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5,550 रेल पैनलों का निरीक्षण पूरा किया, जो अगस्त 2025 में स्थापित 5,302 पैनलों के पूर्व रिकॉर्ड से अधिक है। इन उपलब्धियों के साथ मई 2026 यूनिवर्सल रेल मिल के इतिहास का सबसे सफल माह सिद्ध हुआ।
दूसरी ओर, प्लेट मिल ने भी मई 2026 में प्लेट मिल ने 1,35,847 टन रोल्ड उत्पादन, 1,25,102 टन फिनिश्ड उत्पादन, 1,14,076 टन कुल डिस्पैच तथा 53,836 टन प्रत्यक्ष प्रेषण दर्ज किया। विभाग ने इस अवधि में एचटी (हीट ट्रीटेड) उत्पादों के क्षेत्र में भी नया इतिहास रचते हुए 47,561 टन एचटी फिनिश्ड उत्पादन तथा 38,870 टन एचटी डिस्पैच का सर्वकालिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया।
प्लेट मिल ने पिछले कुछ महीनों के दौरान भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की निरंतरता बनाए रखते हुए उत्पादन एवं प्रेषण के कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए। मार्च 2026 में प्लेट मिल ने 1,46,554 टन रोल्ड उत्पादन, 1,34,042 टन फिनिश्ड उत्पादन तथा 1,36,020 टन कुल डिस्पैच के साथ सर्वकालिक उच्चतम मासिक प्रदर्शन दर्ज किया। इसी माह 16,368 टन सड़क मार्ग से डिस्पैच का नया रिकॉर्ड भी बना। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 6,37,118 टन प्रत्यक्ष प्रेषण (डायरेक्ट डिस्पैच) के साथ विभाग ने अब तक का सर्वोच्च वार्षिक प्रत्यक्ष प्रेषण हासिल किया।
अप्रैल 2026 में भी प्लेट मिल का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रहा, जहाँ 1,29,652 टन रोल्ड उत्पादन, 1,20,075 टन फिनिश्ड उत्पादन तथा 1,14,290 टन कुल डिस्पैच के नए मासिक रिकॉर्ड स्थापित हुए। साथ ही विशिष्ट ऊष्मा खपत (स्पेसिफिक हीट कन्ज़प्शन) के क्षेत्र में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया गया।
इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के पीछे मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री तथा मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री कार्तिकेय बेहरा का दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन रहा है। उत्पादकता वृद्धि, गुणवत्ता सुधार, सूक्ष्म योजना निर्माण तथा परिचालन उत्कृष्टता पर उनके विशेष फोकस ने दोनों मिलों को अभूतपूर्व सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।