सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 का समापन 30 मई 2026 को संपन्न हुआ। 11 मई से 30 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल कौशल के विकास, शारीरिक क्षमता संवर्धन एवं खेल भावना के विस्तार का लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार थे। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग एवं सीएसआर) श्री ए.बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री मनोज कुमार दुबे, महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) श्री शाहिद अहमद, उप महाप्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) एवं ओलंपियन श्री राजेन्द्र प्रसाद तथा उप प्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) श्री अभिजीत भौमिक सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रतिभागी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 के अंतर्गत कुल 18 खेल विधाओं का संचालन किया गया। शिविर के लिए कुल 1910 पंजीयन प्राप्त हुए, जिनमें से 1822 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण कार्य में कुल 88 प्रशिक्षकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी कोचों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना तथा खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने हेतु मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों के उत्साह एवं खेलों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों एवं युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह के दौरान प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न खेल विधाओं में अर्जित कौशल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा। इस अवसर पर प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभाओं को विकसित करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। यह शिविर खेल संस्कृति के संवर्धन एवं भावी खिलाड़ियों के निर्माण की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र की महत्वपूर्ण पहल है।