Meta Pixel

गर्मियों में चेहरा पड़ गया है डल और टैन? किचन की ये चीजें दिलाएंगी पार्लर जैसा ग्लो

Spread the love

गर्मी के मौसम में तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी का असर सबसे ज्यादा हमारी त्वचा पर दिखाई देता है। लगातार धूप में रहने से चेहरे पर टैनिंग हो जाती है, स्किन बेजान लगने लगती है और नैचुरल ग्लो धीरे-धीरे गायब हो जाता है। ऐसे में कई लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और पार्लर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं, लेकिन हर बार ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं होता। आपके घर की रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीजें भी आपकी स्किन को फिर से चमकदार और ग्लोइंग बना सकती हैं।

अगर आपकी त्वचा धूप में झुलस गई है या चेहरा डल लगने लगा है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय आपकी मदद कर सकते हैं। इन नेचुरल उपायों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इनमें केमिकल्स नहीं होते और नियमित इस्तेमाल से स्किन को अंदर से पोषण मिलता है।

आलू को स्किन के लिए नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट माना जाता है। इसमें मौजूद गुण चेहरे के दाग-धब्बों और टैनिंग को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए चावल का आटा, आलू का रस, एलोवेरा जेल और टमाटर का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस पैक को करीब 15 मिनट चेहरे पर लगाकर रखें और फिर हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें। इससे चेहरा साफ और फ्रेश नजर आने लगता है। हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल अच्छा रिजल्ट दे सकता है।

संतरे और नींबू के छिलके भी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। आमतौर पर लोग इन्हें फेंक देते हैं, लेकिन इनमें भरपूर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है। ताजे छिलकों को पीसकर उसमें एलोवेरा जेल और विटामिन-ई कैप्सूल मिलाएं और चेहरे पर लगाएं। करीब 10 से 15 मिनट बाद चेहरा धो लें। यह पैक टैनिंग कम करने के साथ स्किन में नैचुरल चमक लाने में मदद करता है।

अगर त्वचा बेजान और रफ महसूस हो रही है, तो ओट्स और दही का स्क्रब काफी असरदार हो सकता है। ओट्स डेड स्किन हटाने में मदद करता है, जबकि दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन को चमकदार बनाता है। ओट्स पाउडर में शहद और दही मिलाकर फेस पैक तैयार करें और चेहरे पर हल्के हाथों से स्क्रब करें। इससे त्वचा मुलायम और साफ महसूस होती है।

टमाटर भी गर्मियों की टैनिंग हटाने के लिए बेहद उपयोगी माना जाता है। आधे कटे टमाटर पर हल्दी और बेसन लगाकर चेहरे पर मसाज करने से स्किन का कालापन धीरे-धीरे कम होने लगता है। टमाटर में मौजूद प्राकृतिक एसिड त्वचा को साफ कर नैचुरल ग्लो देने में मदद करते हैं।

पुराने समय से इस्तेमाल किया जाने वाला हल्दी और दही का फेस पैक आज भी बेहद कारगर माना जाता है। रात में सोने से पहले दही में हल्दी मिलाकर चेहरे पर लगाएं और कुछ देर बाद गुलाब जल से साफ करें। हल्दी में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो मुंहासों और इंफेक्शन से बचाने में मदद करते हैं, जबकि दही त्वचा को गहराई से मॉइस्चराइज करती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित रूप से प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करने से त्वचा को लंबे समय तक फायदा मिलता है। साथ ही यह महंगे केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स की तुलना में ज्यादा सुरक्षित भी होते हैं। अगर आप लगातार इन घरेलू उपायों को अपनाती हैं तो बिना किसी साइड इफेक्ट के त्वचा में नैचुरल निखार वापस पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *