कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार अब राज्य की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नेतृत्व परिवर्तन पर अंतिम मुहर लगने के बाद आज शाम 4 बजे डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुल 14 नेता नई कैबिनेट का हिस्सा बनेंगे।
नई सरकार में सबसे बड़ी और चर्चित घोषणा जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की है। कांग्रेस ने इस नए मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं और युवा चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। यही वजह है कि पुराने दिग्गजों के साथ-साथ पार्टी की नई पीढ़ी को भी अहम जिम्मेदारी दी जा रही है।
नई कैबिनेट में कई ऐसे नेता शामिल किए गए हैं जो पहले भी बड़े मंत्रालय संभाल चुके हैं। इनमें केजे जॉर्ज का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। वे पहले गृह, ऊर्जा और बेंगलुरु विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा कांग्रेस के मजबूत लिंगायत चेहरों में शामिल एमबी पाटिल और वरिष्ठ नेता रामलिंगा रेड्डी को भी टीम में जगह दी गई है।
उत्तर कर्नाटक क्षेत्र को भी नई सरकार में खास प्रतिनिधित्व मिला है। कांग्रेस के प्रभावशाली नेता सतीश जारकीहोली को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वहीं ईश्वर खंड्रे को भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण स्थान मिला है। दोनों नेताओं को पार्टी के भीतर मजबूत लिंगायत चेहरों के तौर पर देखा जाता है।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और सात बार सांसद रह चुके केएच मुनियप्पा भी नई सरकार का हिस्सा होंगे। प्रशासनिक अनुभव और नीति आधारित कामकाज के लिए पहचान रखने वाले कृष्णा बायरे गौड़ा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने इस बार युवा नेतृत्व को भी आगे बढ़ाने का स्पष्ट संकेत दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे को मंत्री पद दिया गया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे और वरुणा सीट से पूर्व विधायक यतींद्र सिद्धारमैया को भी नई कैबिनेट में जगह मिली है।
बेंगलुरु के प्रभावशाली नेता बायरती सुरेश और कल्याणा कर्नाटक क्षेत्र के वरिष्ठ नेता शरण प्रकाश पाटिल को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर का नाम भी नई राजनीतिक व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं में शामिल माना जा रहा है।
कांग्रेस की इस नई टीम को क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन के नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी ने लिंगायत, दलित, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है ताकि राज्य में मजबूत राजनीतिक संदेश दिया जा सके।
आज शाम शपथ लेने वाले सभी नेताओं की सूची इस प्रकार है:
डीके शिवकुमार – मुख्यमंत्री
जी परमेश्वर – उपमुख्यमंत्री
केएच मुनियप्पा
केजे जॉर्ज
एमबी पाटिल
रामलिंगा रेड्डी
सतीश जारकीहोली
कृष्णा बायरे गौड़ा
प्रियांक खड़गे
यूटी खादर
ईश्वर खंड्रे
यतींद्र सिद्धारमैया
बायरती सुरेश
शरण प्रकाश पाटिल
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि डीके शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार कर्नाटक में किस तरह की नई राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा तय करती है।