मानसून का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे स्नैक्स की याद सबसे पहले आती है। अगर आप पारंपरिक आलू या प्याज के पकोड़ों से हटकर कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो कटहल के पकोड़े आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। बाहर से सुनहरे और क्रिस्पी तथा अंदर से नरम और मसालेदार ये पकोड़े स्वाद का ऐसा तड़का लगाते हैं कि एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा।
कटहल को वैसे भी शाकाहारी लोगों का ‘वेज मटन’ कहा जाता है, क्योंकि इसकी बनावट और स्वाद काफी खास होता है। जब इसमें मसालों का तड़का लगाकर पकोड़े बनाए जाते हैं तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है। बारिश के मौसम में परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर चाय के साथ इसका आनंद लिया जा सकता है।
कटहल के पकोड़े बनाने के लिए सबसे पहले कटहल और आलू को अच्छी तरह उबाल लें। इसके बाद लहसुन, हरी मिर्च, लाल मिर्च, जीरा और साबुत काली मिर्च का मसालेदार पेस्ट तैयार करें। अब एक बर्तन में बेसन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अजवाइन, नमक और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
उबले हुए कटहल को अच्छी तरह मैश करें। दूसरी ओर एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके बारीक कटा प्याज सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें मैश किया हुआ कटहल डालकर मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं और कुछ मिनट तक पकाएं ताकि स्वाद अच्छी तरह घुल-मिल जाए।
इसके बाद उबले हुए आलू को मैश करके उसमें नमक, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। आलू की छोटी-छोटी टिक्कियां बनाएं और उनके बीच में तैयार कटहल का मिश्रण भर दें। अब इन्हें गोल या अंडाकार आकार देकर बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबो लें।
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार पकोड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। जब पकोड़े अच्छे से फ्राई हो जाएं तो उन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए।
गरमा-गरम कटहल के पकोड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें। बारिश की फुहारों के बीच चाय और कटहल के इन कुरकुरे पकोड़ों का स्वाद आपके मानसून को और भी यादगार बना देगा। अगर घर में मेहमान आए हों या परिवार के साथ शाम को कुछ खास खाने का मन हो, तो यह रेसिपी हर किसी का दिल जीत सकती है।