Meta Pixel

डॉक्टरों ने मृत बताकर सौंपा शव, जिंदा हुआ, VIDEO:अंतिम-संस्कार के लिए सजी अर्थी, रिश्तेदार भी आए, शरीर में हुई हलचल, फिर तोड़ा दम

Spread the love

राजधानी रायपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ने भिलाई के युवक को मृत घोषित कर रिश्तेदारों को बॉडी सौंप दिया, लेकिन जब रिश्तेदार अंतिम संस्कार के लिए उसे लेकर जा रहे थे, तभी युवक के शरीर में हरकत दिखाई देने लगी। इसके बाद रिश्तेदार उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं रिश्तेदारों ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें युवक जीवित अवस्था में नजर आ रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में रिश्तेदारों ने अस्पताल मैनेजमेंट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक पुरानी भिलाई के देव बलोदा निवासी रामअवतार रात्रे 3 जून को अपने घर के बाथरूम में गिर गया था। गिरने से उसे गंभीर चोट आई थी। इसके बाद रिश्तेदार उसे इलाज के लिए रायपुर के लोधी पारा चौक स्थित प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे।

रिश्तेदारों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि रामअवतार की पसली में गंभीर चोट लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इलाज के दौरान कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल की ओर से मौत की जानकारी मिलने के बाद रिश्तेदार शव को लेकर अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए घर रवाना हो गए।

एम्बुलेंस में दिखी शरीर में हलचल

अस्पताल परिसर से बाहर निकलने के कुछ समय बाद एम्बुलेंस में अचानक युवक के शरीर में हलचल दिखाई देने लगी। रिश्तेदारों का दावा है कि उसके हाथ-पैर हिलने लगे थे। यह देखकर वे घबरा गए और उन्हें यकीन नहीं हुआ कि जिसे मृत घोषित किया गया था, उसके शरीर में हरकत कैसे हो सकती है।

अंतिम संस्कार की हो चुकी थी तैयारी

इस बीच घर पर अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। अर्थी सजाई जा चुकी थी और टेंट भी लग चुके थे, लेकिन शरीर में हलचल देखने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। रिश्तेदार उसे फौरन मेकाहारा लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिश्तेदारों ने घटना का वीडियो भी बनाया है, जो अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है। वीडियो में वे अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।

परिवार का कहना है कि जब युवक के शरीर में हरकत हो रही थी, तो उसे मृत कैसे घोषित कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से नहीं मिला कोई जवाब

हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

वहीं, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मरीज को मृत घोषित करने से पहले सभी जरूरी मेडिकल जांच और प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं या नहीं। दूसरी ओर, मेकाहारा में भर्ती युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *