Meta Pixel

फोन पर तीन तलाक देना पड़ा भारी : कुवैत से लौटते ही नागपुर में दबोचा गया आरोपी, पुलिस से की धक्का-मुक्की

Spread the love

रायपुर – विदेश में रहकर पत्नी को फोन पर तीन तलाक देने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शाहिद रजा के रूप में हुई है, जो कुवैत में नौकरी करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे रायपुर लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

शादी के कई साल बाद बढ़ा विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर की रहने वाली महिला की शादी वर्ष 2008 में शाहिद रजा से हुई थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं। कुछ साल पहले शाहिद रोजगार के लिए कुवैत चला गया था। आरोप है कि विदेश जाने के बाद उसने परिवार से दूरी बना ली और पत्नी-बच्चों की जिम्मेदारियों से भी किनारा करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

फोन पर दी तीन तलाक की धमकी, फिर बोला तलाक
पीड़िता का आरोप है कि हाल ही में कुवैत से आए एक फोन कॉल के दौरान पति ने उससे अभद्र व्यवहार किया और विवाद बढ़ने पर फोन पर ही तीन बार तलाक कहकर वैवाहिक संबंध खत्म करने की बात कही। महिला ने इसे लेकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
महिला की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।

नागपुर से गिरफ्तारी, पुलिस से भी हुई झूमाझटकी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शाहिद भारत लौट चुका है। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसकी मौजूदगी नागपुर में मिली। रायपुर पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपी ने विरोध भी किया और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की।

आरोपी की मां बच्ची को लेकर हुई फरार
कार्रवाई के दौरान आरोपी की मां नाबालिग बच्ची को लेकर मौके से चली गई। पुलिस बच्ची और आरोपी की मां की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *