राजनांदगांव – मानपुर पुलिस ने शराब से लदा ट्रक को पकड़ा है। ट्रक से 800 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त हुई है। जिसकी कीमत 50 लाख रुपए है। पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़ भाग रहे ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिससे पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं।
मानपुर पुलिस ने बताया कि उन्हें शनिवार दोपहर औंधी इलाके से होकर गढ़चिरौली जा रहे शराब से भरी ट्रक की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने मानपुर में एसडीएम कार्यालय के सामने मोबाइल चेक पाइंट लगाया। यहां वाहनों की जांच शुरु हुई। तभी पाइंट में ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजे 4545 पहुंची। ड्राइवर ने पुलिस को देख ट्रक पहले ही रोक दिया और उतरकर भागने लगा। जिसे पुलिस टीम ने पकड़ा। ड्राइवर ने अपना नाम बलराम सिंह डांगी बताया। जो नागपुर इलाके का रहने वाला है। ड्राइवर ने बताया कि ट्रक में शराब भरी हुई है। जिसे वह एमपी से लोड कर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली लेकर जा रहा था।
ड्राइवर बलराम ने पुलिस को बताया कि उसने शराब एपमी के मुलताई एरिया से लोड की। जिसे गढ़चिरौली लेकर जाना था। वह हाईवे से होकर चिचोला तक पहुंचा। जिसके बाद जंगल के रास्ते से होते हुए मानपुर तक आया था। गढ़चिरौली में शैलेष नामक व्यक्ति का उसे नंबर दिया गया था। जो शराब को अलग-अलग पाइंट में अनलोड कराता। इसके पहले ही वह पकड़ा गया। मानपुर पुलिस ने शैलेष के मोबाइल नंबर के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरु कर दी है। मुखबीरों को भी अलर्ट किए हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने गढ़चिरौली सहित आसपास के ट्राइबल एरिया को ड्राय घोषित कर दिया है। यहां शराब की दुकानें नहीं हैं। इसी का फायदा बड़े तस्कर उठा रहे हैं। एमपी से शराब की बड़ी खेप गढ़चिरौली पहुंचती है। पूर्व में नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से यहां पुलिस की चेकिंग और धरपकड़ कमजोर थी। जिसका फायदा लगातर तस्कर उठाते रहे हैं। जंगल के रास्ते तस्करी के लिए आसान थे। यहां पुलिस की चेकिंग बढ़ गई है।
एमपी से शराब की बड़ी खेप की तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी जिले के अलग-अलग हिस्से में डंप की गई एमपी की शराब जब्त की जा चुकी है। एमपी से डोंगरगढ़ के रास्ते शराब की खेप आसानी से जिले में पहुंच रही है। जिसे अलग-अलग गांवों में आसानी से पहुंचाया जा रहा है। बीते दिनों पुलिस ने जितने भी छोटे कोचिए पकड़े हैं। उनके पास से एमपी की शराब जब्त हुई है। पुलिस बड़े तस्करों तक पहुंच नहीं पा रही है।