देश के जाने-माने कोचिंग टीचर खान सर के कोचिंग सेंटर में फायरिंग का मामला फिलहाल गरमाया हुआ है। कोचिंग सेंटर में फायरिंग को लेकर वायरल वीडियो की जांच में खान सर के बॉडीगार्ड को फायर करते हुए पाया गया। पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो सामने आया कि दोनों बॉडीगार्ड का कनेक्शन नोएडा से है। इसके अलावा यह दोनों यूपी के रहने वाले हैं। एक बॉडीगार्ड का घर यूपी के मैनपुरी में है तो दूसरे का घर कासगंज में है। इसके अलावा दोनों सुरक्षागार्ड नोएडा की एक एजेंसी से जुड़े हुए हैं।
पूरा मामला क्या है?
कदमकुआं थाने के दरोगा अनिल कुमार ने इस वायरल वीडियो की जांच की। उन्होंने बताया कि 4 जून को सुबह 9:30 बजे अपनी टीम के साथ वे खान जीएस एकेडमी पहुंचे। जांच में पता चला कि वीडियो में फायरिंग करने वाले दोनों व्यक्ति खान सर के प्राइवेट सिक्यूरिटी गार्ड हैं। दोनों ने दो-दो राउंड फायरिंग की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।
घटना का विवरण
2 जून की रात करीब 10:30 बजे कुछ लोग एकेडमी के बाहर आकर हंगामा करने लगे। हंगामा करने वालों ने एक सुरक्षा गार्ड की पिटाई कर दी और बैनर-पोस्टर भी फाड़ने लगे। शोर सुनकर खान सर उर्फ फैसल खान ऑफिस से बाहर निकले। उग्र भीड़ को देखकर उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स को फायरिंग करने का आदेश दे दिया। इसके बाद दोनों गार्ड्स ने कुल दो राउंड फायरिंग कर दी। यह पूरा मामला एकेडमी के बाहर हुआ।
सुरक्षा गार्डस की पहचान
पुलिस के सामने दोनों सुरक्षा गार्ड्स ने अपने हथियार का लाइसेंस पेश किया है। पहला गार्ड प्रदीप कुमार (38 वर्ष) है, जिनके पिता का नाम अनिल कुमार है। वे मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के गढ़िया छिनकौरा गांव के रहने वाले हैं। दूसरा गार्ड तालेश्वर सिंह (34 वर्ष) है, जिनके पिता का नाम किशन लाल है। वे कासगंज के शेरपुरा थाना क्षेत्र के नगला बदौड़िया गांव के निवासी हैं।
नोएडा से कनेक्शन
खान सर के इन दोनों गार्डों का नोएडा से भी कनेक्शन सामने आया है। यह दोनों नोएडा की एक सिक्योरिटी सर्विस देने वाली एजेंसी से जुड़े हुए हैं। खान सर ने भी इन दोनों को नोएडा की एजेंसी से ही लिया था। इसके अलावा दोनों ने स्वीकार किया है कि खान सर कहने पर उन्होंने फायरिंग की थी। हालांकि पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की वजह से फिलहाल दोनों बॉडीगार्डों को गिरफ्तार कर लिया है।