छत्तीसगढ़ सरकार की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना निर्माण श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है। आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को छात्रवृत्ति के साथ-साथ स्टेशनरी और गणवेश के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से संचालित इस योजना का लाभ उन निर्माण श्रमिक परिवारों को दिया जाता है, जो मंडल में पंजीकृत हैं। योजना के तहत श्रमिकों के पहले दो बच्चों को कक्षा पहली से लेकर स्नातकोत्तर और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
योजना के अनुसार विद्यार्थियों को उनकी कक्षा और अध्ययन स्तर के आधार पर 1,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसके अलावा प्रत्येक पात्र छात्र को कॉपी-किताब, स्टेशनरी और गणवेश की जरूरतों को पूरा करने के लिए अलग से 2,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाती है। इससे श्रमिक परिवारों पर शिक्षा संबंधी खर्च का बोझ काफी हद तक कम हो जाता है।
सरकार का मानना है कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। इसी सोच के साथ यह योजना लागू की गई है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी बिना किसी रुकावट के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।
श्रम विभाग ने सभी पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की है। विभाग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक हितग्राही इसका लाभ उठा सकें। इच्छुक श्रमिक चॉइस सेंटर, श्रम संसाधन केंद्र, श्रमेव जयते मोबाइल ऐप, विभागीय वेबसाइट अथवा संबंधित श्रम कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी है। योजना के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल रही है और उनके सपनों को नई दिशा मिल रही है।
नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना को शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल माना जा रहा है। यह योजना उन परिवारों के लिए राहत लेकर आई है, जिनके लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना अक्सर बड़ी चुनौती बन जाता है। अब आर्थिक अभाव बच्चों की शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने, इसी उद्देश्य के साथ योजना का लाभ लगातार पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।