सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ‘विज़न ज़ीरो’ अर्थात शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को व्यवहारिक रूप से स्थापित करने की दिशा में 09 जून 2026 को व्यापक सेफ्टी लीडरशिप कार्यक्रम ‘लेट्स बी सेफ’ का शुभारंभ किया गया। लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक (एल एंड टी एडुटेक) द्वारा विकसित एवं संचालित यह कार्यक्रम सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत उत्तरदायित्व, व्यवहारगत जागरूकता तथा नेतृत्व-आधारित सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कार्यपालक निदेशक (सेल सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन) श्री रामकृष्ण, लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक के हेड (एंटरप्राइज बिजनेस) श्री मनोज देवपुरकर तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से कुल 31 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) सुश्री पुष्पा एम्ब्रोज ने किया तथा कार्यक्रम का समन्वयन सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री अजय टल्लू द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (एसएसओ) श्री रामकृष्ण ने कार्यस्थल सुरक्षा के मानवीय पक्ष पर विशेष बल देते हुए कहा कि संयंत्र में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी के पीछे उसका परिवार जुड़ा होता है और सुरक्षा केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति द्वारा प्रतिदिन किया जाने वाला एक जिम्मेदार एवं सजग निर्णय है। उन्होंने कहा कि ‘लेट्स बी सेफ’ कार्यक्रम सुरक्षा को संगठनात्मक संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से सेल के वरिष्ठ एवं मध्य-स्तरीय नेतृत्व वर्ग के लिए तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक अनुपालन-आधारित सुरक्षा दृष्टिकोण से आगे बढ़ते हुए व्यक्तिगत स्वामित्व, सक्रिय नेतृत्व तथा साझा उत्तरदायित्व पर आधारित सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है। कार्यक्रम की रूपरेखा एल एंड टी एडुटेक द्वारा संयंत्र प्रबंधन एवं विभिन्न स्तरों के हितधारकों के साथ परामर्श के उपरांत तैयार की गई है, जिसमें जोखिम पहचान, जोखिम न्यूनीकरण तथा व्यवहारगत सुरक्षा को विशेष महत्व दिया गया है।
एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को पांच प्रमुख विषयगत मॉड्यूल में संरचित किया गया है। इनमें नेतृत्व एवं प्रबंधन की भूमिका, प्रबंधन प्रणालियों में सुरक्षा का एकीकरण, व्यक्तिगत सुरक्षा प्रतिबद्धता, सुरक्षा अवलोकन एवं भूमिका निर्वहन (रोल प्ले) तथा ‘विज़न ज़ीरो’ की दिशा में संगठनात्मक यात्रा जैसे विषय शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षा नेतृत्व के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया गया तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवहार को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख संदेश सुरक्षा के प्रति दृष्टिकोण में परिवर्तन लाना है, जिसमें “आपको सुरक्षित रहना है” की पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर “मैं सुरक्षा का चयन करता हूँ” जैसी सकारात्मक एवं आत्म-प्रेरित कार्य संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया गया। इस पहल के माध्यम से सुरक्षा को केवल नियामकीय आवश्यकता न मानकर व्यक्तिगत मूल्य एवं संगठनात्मक प्रतिबद्धता के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
‘लेट्स बी सेफ’ कार्यक्रम व्यवहारगत सुरक्षा विज्ञान तथा नेतृत्व विकास के सिद्धांतों का प्रभावी समन्वय प्रस्तुत करता है। इसके माध्यम से प्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को ऐसे दृष्टिकोण, कौशल एवं प्रतिबद्धता से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे वे ‘विज़न ज़ीरो’ की अवधारणा को दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बना सकें।
उल्लेखनीय है कि एल एंड टी एडुटेक, लार्सन एंड टुब्रो समूह की शिक्षण एवं कौशल विकास इकाई है, जो देश के प्रमुख सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के संगठनों के साथ मिलकर भविष्य उन्मुख एवं उच्च प्रदर्शन क्षमता वाले कार्यबल के विकास हेतु कार्य कर रही है। संस्था के सेफ्टी लीडरशिप कार्यक्रम वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त सुरक्षा अवधारणाओं को औद्योगिक व्यवहारिकता के साथ जोड़ते हुए स्थायी एवं मापनीय व्यवहारगत परिवर्तन को प्रोत्साहित करते हैं।