स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। ‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले वायरल वीडियो को लेकर पहले से आलोचनाओं का सामना कर रहे मोरे के शो का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार विवाद मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान शवों पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर खड़ा हुआ है।
वायरल वीडियो में सेजल पवार नाम की एक डॉक्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रणित मोरे के शो में बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने मेडिकल शिक्षा के दौरान होने वाले डिसेक्शन और रिसर्च से जुड़े अनुभव साझा किए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान छात्र कभी-कभी शवों के विभिन्न अंगों को लेकर आपस में मजाक भी करते थे।
वीडियो में सेजल पवार ने बताया कि मेडिकल छात्रों को अध्ययन के लिए दान किए गए शवों पर काम करना पड़ता है। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कई बार छात्र शवों के विभिन्न अंगों को लेकर टिप्पणियां करते थे और मजाक भी किया जाता था। इस पर प्रणित मोरे ने भी हास्यपूर्ण अंदाज में प्रतिक्रिया दी और सवाल-जवाब का सिलसिला आगे बढ़ा।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। आलोचकों का कहना है कि मेडिकल शिक्षा के लिए अपना शरीर दान करने वाले लोगों के प्रति सम्मान बनाए रखना जरूरी है और इस तरह की टिप्पणियां संवेदनशील विषयों पर अनुचित मानी जा सकती हैं। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने यह सवाल भी उठाया कि इस वीडियो पर उतनी तीखी प्रतिक्रिया क्यों नहीं देखने को मिल रही, जितनी हाल ही में वायरल हुए ‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले विवाद पर देखने को मिली थी।
विवाद बढ़ने के बाद सेजल पवार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि वीडियो को दोबारा देखने के बाद उन्हें समझ आया कि उनकी बातों से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जिस विषय पर उन्होंने टिप्पणी की, वह बेहद संवेदनशील था और उसे अधिक जिम्मेदारी तथा संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए था।
सेजल ने अपने बयान में कहा कि उनका किसी का अपमान करने का इरादा नहीं था, लेकिन वह इस बात को समझती हैं कि किसी टिप्पणी का प्रभाव उसके इरादे से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके लिए सीखने का अवसर है और भविष्य में वह ऐसे विषयों पर अधिक सावधानी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखेंगी।
उन्होंने उन सभी लोगों से माफी भी मांगी जो वीडियो से आहत हुए या जिन्हें उनकी बात अनुचित लगी। साथ ही भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।
उधर, प्रणित मोरे पहले से ही ‘370 रुपए की बिरयानी’ विवाद को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। उस मामले में वायरल क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध देखने को मिला था। बढ़ते विवाद के बाद मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट या डीएक्टिवेट कर दिया है।
इसी विवाद से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में वायरल वीडियो में टिप्पणी करने वाले हिमांशु जांगड़ा को उनकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया था। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है कि सार्वजनिक मंचों पर संवेदनशील विषयों को किस तरह प्रस्तुत किया जाना चाहिए और मनोरंजन तथा जिम्मेदारी के बीच संतुलन कैसे बनाए रखा जाए।
