कुरूद – माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कुरूद विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर के प्रयास से ग्राम पंचायत चर्रा और कोड़बोड़ में महतारी सदन निर्माण के लिए बड़ी सौगात मिली है। दोनों स्थानों पर 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
ग्रामीणों में खुशी का माहौल
ग्राम पंचायत चर्रा और कोड़बोड़ में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए खुशी जताई है। क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मानें तो महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि मातृशक्ति के आत्मविश्वास, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य का केंद्र बनेगा।
इससे गांवों में आएगा सकारात्मक बदलाव- चंद्राकर
इसके माध्यम से महिलाओं को संगठित होने, अपनी प्रतिभा को निखारने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक चंद्राकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, इस तरह के विकास कार्यों से गांवों में सकारात्मक बदलाव आएगा। स्थानीय स्तर पर महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध होने से उनकी सामाजिक भागीदारी भी बढ़ेगी।
हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी- चंद्राकर
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, कुरूद विधानसभा उतनी ही समृद्ध होगी। महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता किसी भी समाज के विकास की मजबूत नींव होती है। महतारी सदन के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं को एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण और सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़कर आगे बढ़ सकेंगी।