दुर्ग – महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 80 फीट सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होते ही अतिक्रमण का मामला सामने आ गया है। बोरसी तालाब के पास सड़क को चौड़ा करने के लिए तालाब की दूसरी ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जा रहा है। इसी दौरान सड़क किनारे प्रस्तावित सहायक मार्ग पर कब्जे को लेकर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
रहवासियों का कहना है कि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा स्वीकृत नक्शे में पटवारी हल्का नंबर 23, ग्राम बोरसी के खसरा नंबर 78/1, 78/2 और 79/2 की भूमि पर मुख्य सड़क के दोनों ओर 25-25 फीट चौड़ा सहायक मार्ग निर्धारित है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर दुकानें और अन्य निर्माण कर कब्जा कर लिया है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार यदि कब्जा नहीं हटाया गया तो सुरक्षा दीवार के किनारे बनने वाला सहायक मार्ग एक ओर से अत्यंत संकरा हो जाएगा, जबकि दूसरी ओर से पूरी तरह बंद होने की स्थिति बन सकती है। इससे बोरसी तालाब के निचले हिस्से में रहने वाले लगभग 500 लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ेगा। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से भूमि की नाप-जोख कराकर कब्जे की जांच करने तथा अवैध निर्माण हटाने की मांग की है। इस संबंध में मंत्री गजेंद्र यादव, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग को आवेदन सौंपा गया है।