एवरेस्ट बेस कैंप ट्रैक को भिलाई और दुर्ग के तीन ट्रैकर्स ने सफलतापूर्वक पूरा किया। यह यात्रा 15 मई को भिलाई से शुरू होकर 1 जून को भिलाई वापसी के साथ पूरी हुई। कुल 18 दिनों की इस यात्रा में प्रतिभागियों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, अत्यधिक ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए अपना लक्ष्य हासिल किया।
इस ट्रैकिंग में खुर्सीपार, भिलाई निवासी कोटेश्वर राव और हुडको निवासी मिनीराज ने भाग लिया। दोनों ही यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के लाइफ टाइम सदस्य हैं और वाईएचएआई के अनेक राष्ट्रीय और स्थानीय ट्रैक में सहभागिता कर चुके हैं। इनके साथ पदमनाभपुर, दुर्ग निवासी निधि जैन भी शामिल थीं, जो काठमांडू से इस अभियान में जुड़ीं। यह संपूर्ण ट्रेक टैप लाइफ एडवेंचर एंड हाई फाइव कंपनी के माध्यम से पूरा हुआ।