Meta Pixel

राजधानी में बेखौफ बदमाश : सिविल लाइंस इलाके में गैंगवार, दो गुटों में भिड़ंत

Spread the love

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरी तालाब और तरुण नगर इलाके में शनिवार रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों और चाकू का इस्तेमाल होने से इलाके में अफरा- तफरी मच गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बदमाश मोहसिन गैंग और उत्तम बेहरा-पंकज बेहरा गैंग के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।  

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया, वहीं चाकूबाजी भी हुई। घटना में मोहसिन खान को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार, उसके साथ लूटपाट की भी वारदात हुई है। देर रात उसकी मौत की चर्चा भी सामने आई, लेकिन पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फूटेज खंगाल रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन महीने पुराने एक्सीडेंट विवाद में चाकूबाजी, दो पर जानलेवा हमला
पंडरी मोवा थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी स्थित आरवी चौक पर शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में हेमंत केसरी और भूपेंद्र राव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले हुए सड़क हादसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पप्पू साहू और उसके 10 से 12 साथियों ने हेमंत केसरी और भूपेंद्र राव को घेर लिया तथा उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीसीटीवी कैमरों के फूटेज खंगाले जा रहे हैं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने दोनों युवकों के हाथ, पैर और सिर पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पंडरी मोवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फूटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *