बालोद – जिले में खड़ी ट्रकों से लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बालोद सिटी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 490 लीटर डीजल के साथ एक स्विफ्ट कार, एक सूमो और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है।
ट्रकों से डीजल चोरी कर रहे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जिले के अलग-अलग इलाकों में सड़क के किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाकर उनमें से डीजल चोरी करते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचे।
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवपाल और देवेंद्र के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के कई स्थानों पर डीजल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।