Meta Pixel

NEET UG 2026 Re-exam: एनटीए का बड़ा फैसला, परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य; जानें नियम

Spread the love

 नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को होने वाली नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है। अब सभी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन (फिंगरप्रिंट या फेशियल रिकग्निशन) अनिवार्य कर दिया गया है। यह प्रक्रिया अनिवार्य फ्रिस्किंग (तलाशी) के बाद पूरी की जाएगी, ताकि परीक्षा में पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे।

तकनीकी समस्या आने पर क्या होगा?
NTA ने उन छात्रों की सुविधा के लिए ‘एक्सेप्शन प्रोटोकॉल’ (Exception Protocol) जारी किया है, जिन्हें बायोमेट्रिक में तकनीकी बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। अगर किसी छात्र का बायोमेट्रिक डेटा डिवाइस फेलियर, खराब क्वालिटी या UIDAI सर्वर की कनेक्टिविटी समस्या के कारण मैच नहीं हो पाता है, तो उन्हें परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे छात्रों को परीक्षा केंद्र पर एक लिखित अंडरटेकिंग देनी होगी, जिसका फॉर्मेट केंद्र अधीक्षक (Centre Superintendent) द्वारा प्रदान किया जाएगा।

परीक्षा के दौरान नहीं होगी कोई बाधा
NTA ने सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक बार परीक्षा शुरू हो जाने के बाद किसी भी छात्र को बायोमेट्रिक संबंधी कार्यों के लिए परेशान नहीं किया जाएगा। यदि कोई प्रक्रिया लंबित रह जाती है, तो उसे या तो परीक्षा शुरू होने से पहले या फिर परीक्षा समाप्त होने के बाद पूरा किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को बिना किसी तनाव के प्रश्नपत्र हल करने के लिए शांत माहौल देना है।

परीक्षा का समय और चेतावनी

नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। PwD और PwBD श्रेणी के छात्रों के लिए यह परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी। NTA ने चेतावनी दी है कि यदि कोई छात्र बिना वैध कारण के बायोमेट्रिक सत्यापन कराने से इनकार करता है, तो इसे परीक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

किसी भी मदद के लिए संपर्क करें
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के दिन समय से केंद्र पर पहुंचें और कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें। यदि किसी छात्र को परीक्षा संबंधी कोई स्पष्टीकरण चाहिए, तो वह NTA हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर कॉल कर सकता है। इसके अलावा, [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *