Meta Pixel

तखतपुर में ‘विश्वास से विकास’ शिविर : अव्यवस्थाओं पर भड़के केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधायक को आमंत्रण नहीं देने पर CMO को लगाई फटकार

Spread the love

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तखतपुर नगर पालिका में आयोजित ‘विश्वास से विकास’ जनकल्याण शिविर के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज नजर आए। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक धर्मजीत सिंह को आमंत्रित नहीं किए जाने और हितग्राहियों की कम उपस्थिति पर उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह को जमकर फटकार लगाई। मंत्री ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

अव्यवस्थाओं को लेकर मंत्री तोखन साहू ने दिखाई नाराजगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तखतपुर नगर पालिका में ‘विश्वास से विकास’ जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आयोजन स्थल पर पहुंचते ही अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।

विधायक को नहीं किया आमंत्रित
मंत्री ने देखा कि, कार्यक्रम में न तो क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह मौजूद थे और न ही बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंचे थे। यह जानकारी मिलने पर कि, विधायक को कार्यक्रम का आमंत्रण नहीं दिया गया था, उन्होंने सीएमओ अमरेश सिंह को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही कार्यक्रम के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।

किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी- तोखन साहू
तोखन साहू ने सीएमओ को स्पष्ट शब्दों में कहा कि, भविष्य में यदि इस तरह की स्थिति दोबारा निर्मित हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि, भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है।

स्वीकृति दिलाने का दिया आश्वासन 
नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने नगर के विकास कार्यों के लिए सड़क, नाली, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर तोखन साहू ने आवश्यक प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन दिलीप तोलानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भाजपा महामंत्री प्रमोद ठाकुर ने किया। इस अवसर पर संतोष कश्यप, अजय देवांगन, शिप्रा सामुएल, वंदना सिंह, कोमल सिंह ठाकुर, गिरीश कश्यप, कैलाश देवांगन, मालती यादव, श्यामा रामानंदी, विश्वनाथ यादव, लव पांडेय, सुरेश देवांगन, इस्लाम अंसारी, संदीप साहू, राहुल तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *