Meta Pixel

अंबिकापुर से सीएम साय का संदेश : योग अपनाइए, स्वस्थ छत्तीसगढ़ बनाइए, योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील

Spread the love

रायपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून को प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर और अंबिकापुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश के शीर्ष जनप्रतिनिधि शामिल होकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।

रायपुर में सुबह से योग का माहौल
राजधानी रायपुर के कृषि महाविद्यालय परिसर में सुबह से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम शुरू हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका योगाभ्यास करेंगे और लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में योग कार्यक्रम में भाग लेंगे।

अंबिकापुर में मुख्यमंत्री ने किया योग
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर प्रवास पर रहेंगे। वे पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा स्वास्थ्य और योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

योगमय हुआ पीजी कॉलेज मैदान
सुबह से ही पीजी कॉलेज मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न योगासन किए और उपस्थित लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

योग भारत की प्राचीन धरोहर : सीएम साय
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की हजारों साल पुरानी विधा है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने विकसित किया। योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की बदौलत आज योग को पूरी दुनिया में नई पहचान मिली है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब वैश्विक स्तर पर बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है।

योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और एक स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनें।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया जाएगा। राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मौजूदगी से इस वर्ष का योग दिवस कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *