जशपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जशपुर जिले के कम्युनिटी हॉल में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनि भगत सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है योग
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने इसमें सहभागिता निभाई। उपस्थित अतिथियों ने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित रूप से योग करने का आह्वान किया।
स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है योग
इस अवसर पर ‘योग से निरोग’ और ‘फिट इंडिया’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि, योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
पूरे जिले में योग कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।