Kala Chana Recipe: बारिश की फुहारें, ठंडी हवाएं और हाथ में गर्मागर्म चाय… ऐसे मौसम में कुछ चटपटा खाने का मन होना बिल्कुल स्वाभाविक है। अगर आप शाम की हल्की भूख के लिए स्वादिष्ट और हेल्दी स्नैक तलाश रहे हैं, तो मसालेदार काले चने एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
आवश्यक सामग्री
- 1 कप काले चने (रातभर भिगोए हुए)
- 2-3 चम्मच घी या तेल
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच हींग
- 1 कप बारीक कटा प्याज
- 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 2 मध्यम आकार के टमाटर की प्यूरी
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
अतिरिक्त स्वाद के लिए:
- 1/2 चम्मच काला नमक
- 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 चम्मच अमचूर पाउडर या नींबू का रस
- बारीक कटा हरा धनिया
बनाने की विधि
स्टेप 1: चने उबालें
रातभर भिगोए हुए चनों को कुकर में डालें। इसमें लगभग 2 से 3 कप पानी, थोड़ा नमक और एक चुटकी मीठा सोडा डालकर 4-5 सीटी आने तक पकाएं।
स्टेप 2: तड़का तैयार करें
एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। इसमें हींग और जीरा डालकर तड़का लगाएं।
स्टेप 3: मसाला भूनें
अब हरी मिर्च और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट मिलाएं। फिर टमाटर की प्यूरी और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह पकाएं, जब तक मसाले तेल न छोड़ दें।
स्टेप 4: चने मिलाएं
उबले हुए चनों को मसाले में डालें और अच्छी तरह मिलाएं। ढककर 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि मसालों का स्वाद चनों में अच्छी तरह समा जाए।
स्टेप 5: अंतिम टच
काला नमक, भुना जीरा पाउडर और अमचूर या नींबू का रस मिलाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।
बारिश में चाय के साथ लें मज़ा
गरमा-गरम मसालेदार काले चने न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि प्रोटीन और फाइबर से भी भरपूर होते हैं। बारिश की शाम में कड़क चाय के साथ यह स्नैक आपके मूड को और बेहतर बना देगा।