भिलाई ठगी मामला: छत्तीसगढ़ के भिलाई में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने कभी जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया, तो कभी शेयर बाजार में भारी मुनाफे का सपना दिखाकर महिला और उसके बेटे से लाखों रुपये वसूल लिए।
पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर कोतवाली पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदारी में हुई पहचान, यहीं से शुरू हुआ जाल
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2023 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान महिला की मुलाकात आरोपी से हुई थी। बातचीत में घरेलू समस्याओं का जिक्र होने पर आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक उपायों के जरिए परेशानियां दूर कर सकता है।
इसके बाद आरोपी लगातार महिला से संपर्क में रहा और ग्रह दोष, प्रेत बाधा तथा जिन्न के नाराज होने जैसी बातें कहकर उसे मानसिक रूप से प्रभावित करता रहा।
‘जिन्न नाराज हो जाएंगे’ कहकर वसूले लाखों
महिला का आरोप है कि आरोपी जब भी पैसे मांगता, वह दावा करता कि जबलपुर में गुप्त पूजा चल रही है और यदि समय पर पैसे नहीं भेजे गए तो परिवार पर संकट आ सकता है।
आरोपी ने पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठानों के नाम पर लगातार रकम मंगवाई। कई बार क्यूआर कोड और बैंक खातों के जरिए भी पैसे ट्रांसफर करवाए गए।
पति के एक्सीडेंट की भविष्यवाणी, फिर हुई मौत
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने दावा किया था कि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। इस कथित पूजा के लिए उसने करीब डेढ़ लाख रुपये लिए थे।
कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने डर और भावनात्मक दबाव का फायदा उठाकर पैसों की मांग जारी रखी।
निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर भी ठगी
महिला के बेटे को भी आरोपी ने अपने झांसे में ले लिया। उसने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर करोड़ों रुपये कमाने का दावा किया।
मुनाफे का लालच देकर कई किस्तों में रकम ली गई, लेकिन न तो कोई रिटर्न मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
कभी जेल तो कभी बीमारी का बहाना
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी बार-बार अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता था। कभी खुद को जेल में बंद बताता, कभी मां के ऑपरेशन का हवाला देता और कभी पिता की मौत का बहाना बनाता।
एक बार उसने खुद को पुलिस हिरासत में होने की बात कहकर महिला से लाखों रुपये और वसूल लिए।
पैसे मांगने पर भेजी नस काटने की फोटो
जब महिला और उसके बेटे ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। आरोप है कि उसने अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाने की कोशिश की।
इसके बाद भी उसने सरकारी नौकरी लगवाने, नियुक्ति पत्र दिलाने और बड़े अधिकारियों से सिफारिश कराने का झांसा देकर अतिरिक्त रकम ऐंठ ली।
पुलिस कर रही जांच
भिलाई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल सबूत और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, निवेश या नौकरी के नाम पर पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।