रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की भी चेतावनी दी गई है।
रायपुर में शाम तक बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे उमस से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बरतने को कहा विशेष एहतियात
अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में वज्रपात और तेज बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से किसानों, खुले क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों और यात्रियों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। विभाग ने बिजली के खंभों, ऊंचे पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह भी दी है।
कई जिलों में हुई अच्छी वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहावना बना हुआ है और नदियों व जलाशयों में जलस्तर बढ़ने लगा है।
दंतेवाड़ा में सबसे अधिक बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली क्षेत्र में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बस्तर संभाग और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मानसून की सक्रियता बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।