सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाई बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) को वर्ष 2024-25 के दौरान ज्ञानार्जन एवं विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ विभाग’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विभाग द्वारा कर्मचारियों के सतत ज्ञान-विकास, कौशल उन्नयन तथा संगठन में अधिगम-आधारित कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की मान्यता के रूप में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार रांची स्थित मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित ‘ज्ञान उत्सव’ समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में बीएसएल के निदेशक प्रभारी श्री प्रियरंजन ने बार एवं रॉड मिल को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। बार एवं रॉड मिल की ओर से महाप्रबंधक श्री शाश्वत मोहंती तथा सहायक महाप्रबंधक श्री सुनील कुमार सोनी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है वर्ष 2024-25 के दौरान विभाग द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, तकनीकी चर्चाओं, ज्ञान-साझाकरण गतिविधियों, सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों के आदान-प्रदान तथा कर्मचारियों के कौशल संवर्धन से संबंधित अनेक पहलें की गईं। इन प्रयासों के माध्यम से विभाग ने कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि सुनिश्चित करने के साथ-साथ उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा परिचालन उत्कृष्टता के क्षेत्रों में भी सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए।
इस उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विभाग की प्रतिबद्धता, सामूहिक प्रयासों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने ज्ञान-आधारित कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इस उपलब्धि में निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।