Meta Pixel

7 साल का इंतजार खत्म : पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द मिल सकती है सरकारी नौकरी

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पदक विजेता और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से अटकी सरकारी नौकरी की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। राज्य सरकार अगले सप्ताह इस मामले में बड़ा फैसला ले सकती है। जानकारी के मुताबिक, 30 जून को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली उच्चस्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

30 जून की बैठक पर टिकी निगाहें
सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्षों से लंबित भर्ती प्रक्रिया पर अंतिम सहमति बनने की संभावना है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो खेल दिवस से पहले या उसी अवसर पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

2018-19 से अटकी हुई है प्रक्रिया
उत्कृष्ट खिलाड़ियों की भर्ती का मामला वर्ष 2018-19 से लंबित है। इससे पहले खिलाड़ियों की अंतिम चयन सूची वर्ष 2014 में जारी हुई थी। इसके बाद नई नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे कई खिलाड़ी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।

156 खिलाड़ी पाए गए पात्र
खेल विभाग के अनुसार, वर्ष 2018-19 और 2019-20 के दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी में कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और पात्रता परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के लिए योग्य माना गया है।

दो प्रतिशत आरक्षण का मिलेगा लाभ
राज्य शासन ने विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत पद आरक्षित किए हैं। समिति की मंजूरी मिलने के बाद पात्र खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा का रास्ता साफ हो जाएगा।

खेल अलंकरण प्रस्ताव भी तैयार
इधर, खेल अलंकरण समारोह 2023-24 और 2024-25 से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी कर खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय ने प्रस्ताव मंत्रालय को भेज दिया है। ऐसे में खिलाड़ियों के सम्मान और नियुक्ति से जुड़े दोनों अहम फैसलों पर जल्द मुहर लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *