मनेंद्रगढ़ – मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही चर्चाओं और आशंकाओं पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मान्यता पर किसी भी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है और इसी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज को मान्यता मिलने की पूरी उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने केवल कुछ तकनीकी बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा था, जिसका जवाब राज्य शासन की ओर से भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और मान्यता रोकने जैसी कोई स्थिति नहीं है। मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
मेडिकल कॉलेज में 6 प्रोफेसरों की गई नियुक्तियां
मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एमसीबी मेडिकल कॉलेज में 6 प्रोफेसरों और कुछ असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। इसके अलावा प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों को भरने के लिए 250 से 300 मेडिकल स्टाफ, प्रोफेसर और अन्य फैकल्टी पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विकास कार्य समय पर किए जा रहे पूरे
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नगर के सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और भगवान सिद्धेश्वर महादेव के आशीर्वाद से क्षेत्र के विकास में कोई बाधा नहीं आएगी तथा लंबित परियोजनाएं भी निर्धारित समय सीमा में पूरी होंगी।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से की थी मुलाकात
उल्लेखनीय है कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मेडिकल कॉलेज की मान्यता के संबंध में मुलाकात की थी। मंत्री के ताजा बयान के बाद मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में राहत और उत्साह का माहौल है।