Meta Pixel

कोहराम मचाने वाले चालक की बढ़ी दिक्कतें : मर्डर समेत कई धाराओं में केस दर्ज, बच्ची को रौंदकर 60 किमी तक दौड़ाया था ट्रक

Spread the love

मोहला – छत्तीसगढ़ के मोहला- मानपुर, अंबागढ़- चौकी जिले में हिट एंड रन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को अंबागढ़- चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंडरदेही में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी 11 वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिसे करीब 60 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने कोरकोट्टी गांव के पास गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक क्रमांक MH 40 CT 6621 का चालक देवेंद्र सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश, शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसने सड़क किनारे खड़ी बच्ची पूनम खवास (11 वर्ष), पिता राजेश खवास, को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक रोकने के बजाय भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी पुलिस सक्रिय हुई और राजीव गांधी चौक सहित कई स्थानों पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। चालक बैरिकेड्स तोड़ते हुए निकल गया। 

बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागा, चार पुलिसकर्मी घायल

पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की, लेकिन आरोपी चालक ने उन्हें तोड़ दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग ड्यूटी में तैनात चार पुलिस जवान घायल हो गए। गनीमत रही कि अन्य पुलिसकर्मी और आम नागरिक किसी बड़े हादसे का शिकार नहीं हुए।

आरोपी पर बढ़ाया गया एफआईआर का दायरा
चौकी थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले केवल लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद एफआईआर का दायरा बढ़ाते हुए उसके खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाकर मौत का कारण बनने, पुलिस बल को जान से मारने का प्रयास, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 
बताया गया कि ट्रक महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से रायपुर की ओर लौह अयस्क लेकर जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी चालक को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *