Meta Pixel

वनांचल के 8 गांवों में पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव : जनचौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 20 लाख से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा

Spread the love

लोरमी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने अचानकमार वनांचल के आठ गांवों का दौरा कर जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बिजली, पेयजल, सड़क और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का मौके पर ही निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा कर ग्रामीणों को कई सौगातें दीं।

उप मुख्यमंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं 
उप मुख्यमंत्री अरुण साव अचानकमार वनांचल के जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बिंदावल समेत आठ गांवों में आयोजित जनचौपाल में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और किसी भी ग्रामीण को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा
जनचौपाल के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शिवतराई–केवची तथा बिजराकछार–औरापानी सड़क निर्माण कार्य बारिश समाप्त होते ही शुरू कर दिए जाएंगे।

ग्रामीणों के लिए विकास कार्यों की घोषणाएं
इस दौरान विभिन्न गांवों में 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से सीसी रोड, मंच, शेड, हाईमास्ट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों की घोषणा की गई। ग्राम बिंदावल की रामायण मंडली को वाद्य यंत्र प्रदान किए गए, वहीं आठों गांवों की क्रिकेट टीमों को क्रिकेट किट वितरित कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

बिजली-पानी की समस्या नहीं रहने देंगे- साव
उप मुख्यमंत्री ने हैंडपंप, सोलर पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए भी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनांचल के किसी भी गांव में बिजली और पेयजल की समस्या नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *