Meta Pixel

प्रथम भिलाई स्टील हाफ मैराथन के सफल आयोजन में योगदान देने वाले 42 कार्मिक ‘शाबाश अवार्ड’ से सम्मानित

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित प्रथम भिलाई स्टील हाफ मैराथन के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नॉन-वर्क्स एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के कुल 42 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘शाबाश अवार्ड’ (श्रेणी-1) से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर, ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र बंछोर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का संबंध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क, मानव संसाधन, ज्ञानार्जन एवं विकास, टाउन सर्विसेज तथा स्पोर्ट्स, कल्चर एंड सिविक एमेनिटीज विभागों से था। इन सभी ने प्रथम भिलाई स्टील हाफ मैराथन के सफल आयोजन में विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीम भावना, आपसी सहयोग एवं प्रभावी समन्वय के कारण ही इस आयोजन का सफल संचालन संभव हो सका।

अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रथम भिलाई स्टील हाफ मैराथन का सफल आयोजन विभिन्न विभागों, श्रमिक संगठनों, ऑफिसर्स एसोसिएशन तथा सहयोगी एजेंसियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आयोजन के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं सीख का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय, प्रतिबद्धता एवं टीमवर्क के बल पर इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए आगामी वर्ष इस आयोजन को और अधिक व्यवस्थित, भव्य एवं सफल बनाने के लिए इसी समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री निशा बाउल द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *