सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई), रांची द्वारा 23 से 25 जून 2026 तक आयोजित ‘ज्ञान उत्सव : एचआर लर्निंग एंड डेवलपमेंट कॉन्क्लेव 2.0’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज इन लर्निंग एंड डेवलपमेंट इन सेल’ श्रेणी में प्रथम उपविजेता (फर्स्ट रनरअप) का सम्मान प्राप्त किया। इसके साथ ही बीएसपी को संगठनात्मक, विभागीय एवं व्यक्तिगत श्रेणियों में भी अनेक सम्मान प्राप्त हुए।
कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) की सदस्य (प्रशासन) डॉ. अल्का मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेल के निदेशक (कार्मिक) श्री के.के. सिंह ने की। समापन समारोह में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री प्रियरंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा सेल के कार्यपालक निदेशक (एचआरडी) श्री संजय धर की उपस्थिति में विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से ‘बेस्ट इनोवेटिव प्रैक्टिसेज इन लर्निंग एंड डेवलपमेंट’ का पुरस्कार महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) सुश्री नीरजा शर्मा, उप प्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) सुश्री सुष्मिता पाटला तथा सहायक महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) श्री दिलीप कुमार सिन्हा ने प्राप्त किया।
व्यक्तिगत उपलब्धियों की श्रेणी में महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव को ‘हेड्स ऑफ ट्रेनिंग’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री यशवंत जौहरी को iGOT प्लेटफॉर्म के प्रभावी क्रियान्वयन एवं क्षमता विस्तार में योगदान के लिए सम्मान प्राप्त हुआ। वहीं सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री शीबा थॉमस एवं सुश्री नवनीता चौहान को iGOT मास्टर ट्रेनर के रूप में क्षमता निर्माण एवं डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने हेतु सम्मानित किया गया।
हार्वर्ड मैनेजमेंटर (एचएमएम) डिजिटल लर्निंग पहल के अंतर्गत वर्ष 2024–25 के लिए महाप्रबंधक (मार्केटिंग) सुश्री चैताली दास एवं उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) सुश्री अमृता गांगरेडे तथा वर्ष 2025–26 के लिए फायर ऑफिसर श्री योगेश शर्मा एवं सहायक महाप्रबंधक (परचेज) सुश्री सीमा अग्रवाल को निर्धारित मॉड्यूल सर्वाधिक शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए सम्मानित किया गया।
विभागीय श्रेणी में वर्ष 2024–25 के लिए बार एवं रॉड मिल को ‘बेस्ट डिपार्टमेंट इन लर्निंग एंड डेवलपमेंट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया, जिसे महाप्रबंधक श्री शाश्वत मोहंती एवं सहायक महाप्रबंधक श्री एस.के. सोनी ने प्राप्त किया। वर्ष 2025–26 के लिए यह सम्मान ब्लास्ट फर्नेस विभाग को प्रदान किया गया, जिसे मुख्य महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक श्री हेमंत कुमार वर्मा ने ग्रहण किया।
यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र में सतत अधिगम, नेतृत्व विकास, डिजिटल लर्निंग तथा कौशल संवर्धन को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है।