Meta Pixel

मुंगेली में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी कार्रवाई, सब्जी बाड़ी में गांजा उगाने वाला 60 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

लोरमी। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध खेती करने के आरोप में 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सब्जी की बाड़ी में उगा रहा था गांजा

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा निवासी भैयालाल धुरी (60) अपने खेत की सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान खेत से 3 हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 3.650 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है।

NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

बरामद गांजा पौधों को जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जिलेभर में जारी है ‘ऑपरेशन बाज’

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत की गई। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और खेती पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी अवैध नशे के कारोबार और खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *