‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति-भिलाई-दुर्ग’ के तत्वावधान में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, दुर्ग उपकेंद्र, मेड़ेसरा में 27 जून 2026 को राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्थान प्रमुख एवं महाप्रबंधक प्रभारी श्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यशाला में ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति-भिलाई-दुर्ग’ की ओर से संकाय सदस्य के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र के उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन-राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में राजभाषा अधिकारी एवं अभियंता (अनुरक्षण) श्री शैलेष कुमार ने बताया कि संस्थान में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा अधिकांश कार्य हिंदी में संपादित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में संस्थान का संसदीय राजभाषा समिति द्वारा निरीक्षण किया गया था तथा संस्थान राजभाषा संबंधी प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने संबोधन में संस्थान प्रमुख श्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने कहा कि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का नियमित रूप से अनुपालन किया जाता है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्यालयीन कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक तिमाही में राजभाषा कार्यशाला आयोजित की जाती है। उन्होंने ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति-भिलाई-दुर्ग’ की गतिविधियों तथा राजभाषा संबंधी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने भारत सरकार के राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम एवं लक्ष्यों, संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उपाय तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा किए जाने वाले वार्षिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने गूगल ऑनलाइन वॉयस टाइपिंग सहित हिंदी टाइपिंग के विभिन्न ऑनलाइन विकल्पों का सजीव प्रदर्शन भी किया।
कार्यशाला के दौरान मुहावरों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में अभियंता श्री शीतला प्रसाद ने प्रथम, टेक्नीशियन श्री असलम मोहम्मद शेख ने द्वितीय तथा सहायक प्रबंधक श्री आशीष कुमार गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ अभियंता (अनुरक्षण) श्री अमित कुमार को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में कनिष्ठ अभियंता श्री ओम प्रसाद साहू, टेक्नीशियन श्री युपेश कुमार, श्री अजीत कुमार सामल एवं श्री अविनाश तिवारी सहित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, दुर्ग उपकेंद्र, मेड़ेसरा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी श्री शैलेष कुमार ने किया।