Meta Pixel

FIFA World Cup 2026: मेसी ने रचा नया इतिहास, माराडोना का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा; लगातार 8 मैचों में गोल कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Spread the love

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन जारी है। केप वर्दे के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में मेसी ने कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर लीं। अर्जेंटीना ने एक्स्ट्रा टाइम तक चले बेहद करीबी मैच में केप वर्दे को 3-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

इस मुकाबले में एक असिस्ट करते ही मेसी फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा 9 असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। माराडोना ने अपने वर्ल्ड कप करियर में 8 असिस्ट दर्ज किए थे।

लगातार 8 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने मेसी

केप वर्दे के खिलाफ मेसी ने मैच के 29वें मिनट में शानदार गोल दागकर अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल के साथ ही उनके नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। मेसी वर्ल्ड कप के लगातार आठ मुकाबलों में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए।

मेसी का यह वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल भी रहा। उनके शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में अर्जेंटीना के कप्तान अपनी टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।

मेसी ने फिर छोड़ा माराडोना को पीछे

मेसी ने वर्ल्ड कप में एक और खास उपलब्धि हासिल की है। वह विश्व कप के दो अलग-अलग संस्करणों में 7-7 गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए हैं। कतर में खेले गए 2022 वर्ल्ड कप में मेसी ने 7 गोल दागे थे और अब 2026 के टूर्नामेंट में भी वह इस आंकड़े तक पहुंच गए हैं।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ मेसी गोल्डन बूट की रेस में भी सबसे आगे निकल गए हैं। लगातार गोल और असिस्ट के जरिए अर्जेंटीना के कप्तान अपनी टीम को खिताब की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

केप वर्दे ने अर्जेंटीना को दी कड़ी टक्कर

मुकाबले की शुरुआत से ही केप वर्दे ने आक्रामक खेल दिखाते हुए अर्जेंटीना पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, 29वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज के शानदार पास को मेसी ने गोल में बदलकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में केप वर्दे ने जोरदार वापसी की। डेरॉय डुआर्टे ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक विजेता का फैसला नहीं होने के कारण मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया।

एक्स्ट्रा टाइम में बढ़ा रोमांच, मेसी के कॉर्नर ने पलटा मैच

एक्स्ट्रा टाइम की शुरुआत में लिसांद्रो मार्टिनेज ने गोल कर अर्जेंटीना को दोबारा बढ़त दिलाई। लेकिन केप वर्दे ने हार नहीं मानी और सिडनी लोप्स कैब्राल के शानदार गोल की मदद से स्कोर 2-2 कर दिया।

दूसरे एक्स्ट्रा टाइम में मेसी के कॉर्नर पर रोमेरो ने दमदार हेडर लगाया। गेंद डिने बोर्गेस से हल्का डिफ्लेक्ट होकर गोल में चली गई और अर्जेंटीना ने 3-2 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

मैच के आखिरी पलों में केप वर्दे को बराबरी करने का मौका मिला, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

इस जीत के साथ अर्जेंटीना अगले दौर में पहुंच गया है, जहां उसका मुकाबला मिस्र से होगा। वहीं पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंची केप वर्दे की टीम ने हार के बावजूद अपने जुझारू प्रदर्शन से फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *