सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विभाग द्वारा 03 जुलाई 2026 को ज्ञानार्जन एवं विकास केन्द्र के सभागार में वेल्थ मैनेजमेंट जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कर्मचारियों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने तथा उन्हें प्रभावी वित्तीय नियोजन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मैनेजमेंट जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संजय द्विवेदी रहें।
इस अवसर पर कुल 103 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विशेष रूप से 50 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के कर्मचारियों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया, जिससे उन्हें सेवानिवृत्ति उपरांत वित्तीय नियोजन एवं संपत्ति प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके। इस कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे.एन. ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र एक्सिस बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के विशेषज्ञों द्वारा संचालित किए गए। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को वित्तीय नियोजन, निवेश रणनीतियाँ, सेवानिवृत्ति निधि का निर्माण, कर-बचत निवेश विकल्प तथा प्रभावी वेल्थ मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए समय रहते वित्तीय योजना बनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में श्री संजय द्विवेदी ने कर्मचारियों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विशेषकर सेवानिवृत्ति के निकट पहुँच रहे कर्मचारियों के लिए सुनियोजित वित्तीय प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों के समग्र कल्याण हेतु इस प्रकार के उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कार्मिक विभाग की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री मिहिर मनोहर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।