रायपुर – भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर निम्नस्तरीय राजनीति कर रही है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नकटी ग्राम के भोले-भाले लोगों को गुमराह कर आंदोलन के लिए उकसा रही है।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि नकटी ग्राम में वर्तमान विवाद की नींव पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2020 में रखी गई थी। उस समय हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से आवासीय कॉलोनी विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी और जमीन चिन्हांकन सहित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कॉलोनी निर्माण की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद क्षेत्र में अतिक्रमण तेजी से बढ़ा और कई लोगों ने आवश्यकता से कहीं अधिक सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया।
10 से 20 हजार वर्गफीट भूमि पर किया गया था कब्जा
भाजपा नेता ने दावा किया कि जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को आवास के लिए ढाई डिसमिल भूमि दिए जाने का प्रावधान है। वहीं नकटी में कई लोगों ने 10 हजार से 20 हजार वर्गफीट तक भूमि पर कब्जा कर मकान और बाड़ियां बना ली थीं। उन्होंने कहा कि नया रायपुर क्षेत्र के विकास की योजना के तहत नकटी ग्राम तीसरे चरण के विकास क्षेत्र में आता है और उसी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस क्या अवैध कब्जों को संरक्षण देना चाहती है?
डॉ. मार्कण्डेय ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि क्या वह पूरे प्रदेश में अवैध कब्जों को संरक्षण देना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान शासकीय भूमि की बिक्री के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसका लाभ बड़े नेताओं ने उठाया। उन्होंने कहा कि बाद में उच्च न्यायालय ने इस आदेश को निरस्त कर दिया था।
सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को कांग्रेस ने था हटाया
उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने नकटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की है। उनके अनुसार 29 जून को 61 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 में आवास आवंटित किए गए और उन्हें विधिवत चाबियां सौंपकर वहां स्थानांतरित किया गया।
कांग्रेस के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि सरकार ने प्रभावित परिवारों को नोटिस देने से लेकर पुनर्वास तक की पूरी प्रक्रिया संवेदनशीलता के साथ पूरी की है और अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों की आवश्यक वस्तुओं को भी नुकसान नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई जनहित का मुद्दा नहीं है, इसलिए वह झूठा नैरेटिव गढ़कर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही है।
नकटी गांव को लेकर कांग्रेस कर रही है गलत प्रचार
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह गलत प्रचार कर रही है कि पूरा नकटी गांव तोड़ दिया गया है, जबकि गांव के कुल 17 वार्डों में से केवल एक वार्ड में हुए अतिक्रमण को हटाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस आवासीय परियोजना का निर्माण हो रहा है, वह केवल विधायकों के लिए नहीं बल्कि अधिकारी-कर्मचारियों सहित सामूहिक आवास योजना का हिस्सा है।
सीएम साय प्रदेश का कर रहे विकास
श्रीवास ने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनहित और नियमानुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।