कवर्धा – छत्तीसगढ़ के कवर्धा पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खैरबनाकला स्थित एक फार्महाउस में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना कवर्धा, एएनटीएफ और साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फार्महाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारकर 11 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से ₹25,700 नकद, 8 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल तथा ताश के पत्ते बरामद किए। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹1 लाख 50 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।