धमतरी – किसानों को धान बीज उपलब्ध कराने वाली निजी कंपनी पान सीड्स प्रा. लि. पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद के बंजारी स्थित फर्म में विशेष जांच दल ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने 75 हजार बोरा धान बीज के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
औचक जांच में खुली पोल
निरीक्षण के दौरान बीज प्रोसेसिंग, भंडारण व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों में गंभीर खामियां पाई गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने फर्म के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
75 हजार बोरा बीज की बिक्री पर रोक
कृषि विभाग ने फर्म के पास मौजूद करीब 75 हजार बोरा धान बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। जब तक जांच पूरी नहीं होती और फर्म संतोषजनक जवाब नहीं देती, तब तक बीज की बिक्री नहीं की जा सकेगी।
किसानों के हित में सख्त कदम
विभाग का कहना है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में बीज कंपनियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे भी कार्रवाई की जाएगी।