राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली नाइट्रोसन-10 टेबलेट के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 300 प्रतिबंधित टेबलेट, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 1.50 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
आरोपियों का नाम कबीर नगर निवासी मोहम्मद असफाक (25), आजाद चौक निवासी शिवम ढीमर (22) और धमतरी जिले के कुरूद निवासी तुषार ढीमर (20) के रूप में हुई।
अब पढ़े क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में हैं, इसकी सूचना एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गोलबाजार थाना पुलिस को मिली थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने घेरा तो संदिग्ध युवक भागने लगे,। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर तीनों को पकड़ा। आरोपियों के बैग से 300 नाइट्रोसन-10 टेबलेट बरामद हुई। आरोपियों पर आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।
सिंडिकेट से जुड़े लोगों की तलाश
पुलिस ने तीनों के खिलाफ गोलबाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।