Meta Pixel

भाजपा जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले के खिलाफ कार्यकर्ता:जिला स्तरीय बैठक के बाहर नारेबाजी; एल्डरमैन नियुक्ति और संगठन में मनमानी का आरोप

Spread the love

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अपनी ही पार्टी की जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना नगर पंचायत खोंगापानी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार, खोंगापानी में भाजपा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन चल रहा था, जिसमें जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हो गए।

विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का मुख्य आरोप था कि नगर पंचायतों और स्थानीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियों में पार्टी के समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्तियों और संगठनात्मक निर्णयों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है, और मनमाने तरीके से कुछ खास लोगों को लाभ पहुँचाने के लिए फैसले लिए जा रहे हैं।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने जताई उपेक्षा पर नाराजगी

प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा और पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सालों से पार्टी को मजबूत करने वाले कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे संगठन के भीतर असंतोष बढ़ रहा है।

अनदेखी जारी रही तो संगठन की एकजुटता होगी प्रभावित

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी भावनाओं को नजरअंदाज किया जाता रहा, तो इसका असर संगठन की एकजुटता पर पड़ सकता है। इस मामले पर भाजपा जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले ने कहा कि इस तरह की नारेबाजी करना भाजपा संगठन की रीति-नीति नहीं है।

नारेबाजी भाजपा की रीति-नीति नहीं

उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं को कोई नाराजगी थी, तो उन्हें बैठक में अपनी बात रखनी चाहिए थी। पावले ने यह भी बताया कि उन्होंने उन कार्यकर्ताओं से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी बात बताने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *