बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है। देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला रविवार 5 जुलाई सुबह भी जारी रहा। जिले के वनांचल और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
बारिश का व्यापक असर
सोनाखान, बार, नयापारा, कसडोल समेत वनांचल क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई है। वहीं लवन, पलारी, सुहेला, सिमगा और बलौदा बाजार शहर सहित आसपास के इलाकों में भी लगातार बारिश होने से जनजीवन के साथ खेती-किसानी को बड़ी राहत मिली है।
खेती को मिला नया जीवन
लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी आने से अब धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो खरीफ सीजन की फसलों के लिए यह बेहद फायदेमंद साबित होगी।