Meta Pixel

सोलर पैनल लगाने की रफ्तार धीमी : वेंडर डेढ़ हजार फिर भी सवा साल में लगे 75 हजार

Spread the love

रायपुर। प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में आवेदन तो पौने दो लाख के पार होकर 181399 आ गए हैं, लेकिन जहां तक सोलर पैनल लगाने की बात है, तो सवा साल में आवेदनों की तुलना में करीब 40 प्रतिशत सोलर पैनल ही लगे हैं।

आवेदन तो आए, लेकिन गति रही धीमी
अब तक 73 हजार आवेदनों से 75 हजार से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लगे हैं, जबकि पॉवर कंपनी ने योजना के लिए डेढ़ हजार वेंडर तय करके रखे हैं। दो साल में 1.30 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। दो साल के लक्ष्य से कहीं ज्यादा आवेदन तो जरूर आ गए हैं, लेकिन सोलर पैनल लगाने की रफ्तार धीमी होने के कारण एक साल का लक्ष्य तय समय में पूरा नहीं हो सका।

प्रदेश सरकार ने दिखाई गंभीरता, तेज हुई गति
केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना के लिए अलग-अलग राज्यों का अलग-अलग लक्ष्य तय है। अपने प्रदेश के लिए दो साल में 1.30 लाख सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रारंभ में योजना में आवेदन करने की रफ्तार के साथ सोलर पैनल लगाने की रफ्तार भी धीमी रही है। इसके बाद इस मामले में प्रदेश सरकार ने गंभीरता दिखाई और योजना बनाकर काम प्रारंभ किया गया।

डबल सब्सिडी से फायदा
योजना में उपभोक्ताओं की रुचि लाने के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार की तरफ से भी सब्सिडी देने का काम प्रारंभ किया है। जहां तीन किलोवाट पर केंद्र सरकार की 78 हजार की सब्सिडी मिल रही है, वहीं राज्य सरकार भी 30 हजार की सब्सिडी दे रही है। एक और दो किलोवाट पर केंद्र के साथ राज्य सरकार की सब्सिडी मिल रही है। राज्य सरकार की सब्सिडी के ऐलान के बाद योजना में आवेदनों की रफ्तार में बहुत तेजी आई है। केंद्र सरकार के पोर्टल के मुताबिक अब तक छत्तीसगढ़ में 181399 आवेदन आ चुके हैं। यानी ये आवेदन लक्ष्य से करीब 50 हजार ज्यादा है। ऐसे में संभावना यह जताई जा रही है कि दो साल में लक्ष्य से ज्यादा सोलर पैनल लग जाएंगे।

75 हजार से ज्यादा घर कवर
प्रदेश में सोलर पैनल लगाने के लिए डेढ़ हजार वेंडर तय हैं, इसके बाद भी लक्ष्य के हिसाब से सोलर पैनल लगाने की रफ्तार बहुत धीमी है। लेकिन योजना के प्रारंभ होने के कुछ माह बाद से तुलना की जाए तो उसके मुकाबले रफ्तार बढ़ी है। पहले तो बीते साल जून तक महज साढ़े तीन हजार सोलर पैनल ही लगे थे और 42 हजार आवेदन आए थे। इसके बाद जब बीते साल प्रदेश सरकार ने भी सब्सिडी का ऐलान किया तो इसके बाद से इसकी रफ्तार में इजाफा हुआ है। बीते 8 माह में जहां एक लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं, वहीं अब तक 73535 आवेदनों का निराकरण किया गया है। इन आवेदनों से 75767 घरों में सोलर पैनल लगे हैं। मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में एक ही आवेदन से सभी घरों में सोलर पैनल लगाने के कारण आवेदन से ज्यादा घर कवर हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *