Meta Pixel

धमतरी की बीज कंपनी पर बड़ी कार्रवाई : राज्य स्तरीय टीम का औचक निरीक्षण, 75 हजार बोरी धान सीड्स की बिक्री-आपूर्ति पर रोक

Spread the love

धमतरी – खरीफ मौसम में किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने विकासखंड कुरूद के ग्राम बंजारी स्थित मेसर्स पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण परिसर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर लगभग 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

निरीक्षण में सामने आईं कई अनियमितताएं
संचालक कृषि राहुल देव (भा.प्र.से.) के निर्देशन में संचालनालय कृषि एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कंपनी ने बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से जुड़ी जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई थी। इसके अलावा लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अतिरिक्त अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण और पैकेजिंग सामग्री के उपयोग में भी अनियमितताएं मिलीं।

75 हजार बोरी धान बीज पर तत्काल प्रतिबंध
अनियमितताओं के मद्देनजर परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज सहित समस्त पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी गई। संबंधित फर्म को तीन दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण दल ने पैक किए गए धान बीज के नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए जारी रहेगी कार्रवाई
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने तथा बीज अधिनियम एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में संचालनालय कृषि से मयंक बघेल, उप संचालक कृषि जितेन्द्र ठाकुर तथा जिला स्तर से कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक रामकुमार साहू, कृषि विकास अधिकारी चेश कुमार सार्वा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मयंक नागवंशी और आदित्य कुमार मेश्राम सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *