Meta Pixel

3 महीने पहले नौकरी से हटाया तो बदला लेने पहुंचा पूर्व केयरटेकर, बुजुर्ग दंपती को चाकू दिखाकर लूटा; VIDEO में कैद वारदात

Spread the love

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर चाकू की नोक पर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि दंपती का पूर्व केयरटेकर निकला। बताया जा रहा है कि तीन महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा। उसने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर डराया और महिला के गले से सोने का नेकलेस छीनकर फरार हो गया। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

मामला दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी विभान्शु महोबिया (21) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंडला का रहने वाला है और फिलहाल भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था।

घर में अकेले थे बुजुर्ग दंपती

पुलिस के मुताबिक, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 में रहने वाले वी. कुमार (59) ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने पुलिस को बताया कि 4 जुलाई को वे ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर बताया कि उनके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात युवक घुस आया है।

पीड़ित बुजुर्ग दंपती रिटायर्ड बीएसपी कर्मी बताए जा रहे हैं। वे बीएसपी के एक एजीएम के सास-ससुर हैं।

मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा आरोपी

CCTV फुटेज में नकाबपोश आरोपी घर के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहा है। इस दौरान बुजुर्ग सोफे पर सो रहे थे।

आरोपी ने बुजुर्ग महिला को धारदार हथियार दिखाकर धमकाया और सोने-चांदी के जेवर और कैश की मांग करने लगा। महिला ने बाहर जाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे पकड़कर खींच लिया।

इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने का नेकलेस छीनकर मौके से भाग निकला।

तीन महीने पहले नौकरी से हटाया था

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विभान्शु पहले बुजुर्ग दंपती के यहां केयरटेकर का काम करता था। करीब तीन महीने पहले दंपती ने उसे नौकरी से हटाकर दूसरा केयरटेकर रख लिया था।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। पुलिस के अनुसार, नौकरी से हटाए जाने का बदला लेने और लूट की नीयत से वह पूरी तैयारी के साथ घर में घुसा था।

CCTV और तकनीकी सबूतों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी सबूतों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बाइक, हथियार और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लूट के इरादे से घर में घुसा था। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी इससे पहले किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

नकाबपोश आरोपी घर में घुस गया। इस दौरान बुजुर्ग सोफे पर सोए हुए थे।
नकाबपोश आरोपी घर में घुस गया। इस दौरान बुजुर्ग सोफे पर सोए हुए थे।
आरोपी ने बुजुर्ग महिला को धमकाया और जेवरात और कैश की डिमांड की।
आरोपी ने बुजुर्ग महिला को धमकाया और जेवरात और कैश की डिमांड की।
जब बुजुर्ग महिला बाहर की ओर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे पकड़कर खींच लिया।
जब बुजुर्ग महिला बाहर की ओर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे पकड़कर खींच लिया।
बुजुर्ग महिला के गले से सोने का नेकलेस लेकर आरोपी भाग निकला।
बुजुर्ग महिला के गले से सोने का नेकलेस लेकर आरोपी भाग निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *