कंगना रनौत की फिल्म ‘क्वीन 2’ रिलीज से पहले ही बड़े कानूनी विवाद में घिर गई है। साल 2014 की सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ बनाने वाली कंपनी फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। कंपनी ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के साथ 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
फैंटम स्टूडियोज का कहना है कि जब 2014 में ‘क्वीन’ बनाई गई थी, तब दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था। इस समझौते के मुताबिक, अगर भविष्य में फिल्म का सीक्वल, प्रीक्वल या उससे जुड़ा कोई नया प्रोजेक्ट बनाया जाता है, तो उसके अधिकार दोनों कंपनियों के पास बराबर यानी 50-50 फीसदी होंगे। कंपनी का आरोप है कि ‘क्वीन 2’ बनाने के लिए उनकी मंजूरी नहीं ली गई। उनका कहना है कि यह समझौते का उल्लंघन है।
कोर्ट से क्या मांग की?
फैंटम स्टूडियोज ने बॉम्बे हाई कोर्ट से अपील की है कि फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा कंपनी ने 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि मई 2025 से ही फैंटम स्टूडियोज लगातार जियोस्टार से संपर्क कर अपने अधिकारों की बात कर रहा था, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
जियोस्टार का जवाब
मामला कोर्ट पहुंचने के बाद जियोस्टार ने अपना पक्ष रखा। कंपनी का कहना है कि यह फिल्म ‘क्वीन’ का सीक्वल नहीं है, बल्कि पूरी तरह नई और अलग कहानी पर आधारित है। जियोस्टार के मुताबिक, नई फिल्म का पहली ‘क्वीन’ की कहानी, किरदार या किसी भी रचनात्मक हिस्से से कोई संबंध नहीं है। इसलिए इसे सीक्वल या प्रीक्वल नहीं माना जा सकता।
कंपनी ने यह भी कहा कि ‘Queen’ अंग्रेजी का एक सामान्य शब्द है और इस शब्द पर किसी एक पक्ष का विशेष अधिकार नहीं हो सकता।
पहली ‘क्वीन’ रही थी सुपरहिट
साल 2014 में रिलीज हुई ‘क्वीन’ का निर्देशन विकास बहल ने किया था, जबकि इसकी कहानी अन्विता दत्त ने लिखी थी। फिल्म में कंगना रनौत, लिसा हेडन और राजकुमार राव अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 95 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था, वहीं कंगना रनौत को बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
रिलीज पर बनी हुई है नजर
फिलहाल ‘क्वीन 2’ की स्टारकास्ट और रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, 250 करोड़ रुपये के इस कानूनी विवाद के बाद फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। अब सभी की नजर बॉम्बे हाई कोर्ट के अगले फैसले पर टिकी हुई है।