होर्मुज में एक दिन पहले तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद पश्चिम एशिया में जंग की आग फिर से भड़क गई है। अमेरिका ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए ईरान पर हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इन हमलों की आधिकारिक पुष्टि की है। सेंटकॉम ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाजों पर हुए ईरानी हमलों के जवाब में यह सैन्य कार्रवाई की जा रही है, जिसके बाद सुरक्षात्मक मोर्चे पर तनाव चरम पर पहुंच गया है।
केशम द्वीप और सीरिक में गिरे छह प्रोजेक्टाइल, धमाकों से दहला इलाका
ईरानी मीडिया के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के केशम द्वीप, बंदर अब्बास और सीरिक में बेहद तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। ईरान की सरकारी मीडिया और सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने जानकारी दी है कि दक्षिणी पोर्ट सिटी सीरिक में कई सिलसिलेवार धमाके हुए हैं।
सीरिक के ताहेरूई पियर इलाके में छह प्रोजेक्टाइल गिरने की भी पुष्टि की गई है, जिससे पूरा क्षेत्र दहल उठा है। अमेरिकी सेना की इस बड़ी कार्रवाई के बाद ईरान के इन प्रमुख तटीय और रणनीतिक केंद्रों पर भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सेंटकॉम ने हमलों को बताया अनुचित, ईरान ने यूएस सरकार को ठहराया जिम्मेदार
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान की ओर से जहाजों पर किए गए हमलों को पूरी तरह अनुचित, खतरनाक और सीजफायर का उल्लंघन करार दिया है। वहीं दूसरी ओर, ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हवाई हमलों का कड़ा विरोध करते हुए इसे इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन बताया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय ने इस सैन्य तनाव के लिए सीधे तौर पर अमेरिकी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। ईरान ने साफ कहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।