रायपुर – छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्य सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विशेष बात यह है कि इस बार पीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी अपने सुझाव दे सकेंगे। इसके लिए छग लोक सेवा आयोग ने विशेष लिंक जनरेट किया है। इस लिंक के माध्यम से अभ्यर्थी वे बदलाव पीएससी से साझा कर सकेंगे, जो वे आगामी परीक्षा में चाहते हैं।
हालांकि इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले पीएससी की वेबसाइट में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जो पहले से ही रजिस्टर हैं, वे अपनी पुरानी आईडी का ही इस्तेमाल कर सुझाव दे सकेंगे। पीएससी ने सुझाव देने या परिवर्तन संबंधित विचार प्रेषित करने के लिए कैंडिडेट्स को सूचना जारी होने से लेकर आगामी एक माह का समय दिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक सूचना पीएससी ने अपने वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
मौजूदा वर्ष में लागू नहीं
पीएससी द्वारा मुख्य सेवा परीक्षा के लिए आवेदन संविधान दिवस अर्थात 26 नवंबर को जारी करने की परंपरा रही है। कैंडिडेट्स विज्ञापन जारी होने के पूर्व ही तैयारी प्रारंभ कर देते हैं। वर्तमान में तैयारियों में जुटे अभ्यर्थी पुराने सिलेबस से ही तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में संशोधन पीएससी-2026 में लागू होने की संभावना अपेक्षाकृत कम है। प्रारंभिक परीक्षा के बाद वर्तमान में मेन्स परीक्षा में 7 अनिवार्य पेपर (प्रत्येक 200 अंक, कुल 1400 अंक) होते हैं, जो पूरी तरह से वर्णनात्मक होते हैं। इसमें भाषा, निबंध और सामान्य अध्ययन शामिल हैं।