अम्बिकापुर – सरगुजा में पुलिस ने बाइकस गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मैनपाट में उत्पात मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वीडियो के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। इधर उत्पात मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ अभियान चलाकर एक दिन में 158 बाइक को जब्त किया गया है। पुलिस ने बाइक चालकों के परिजन को बुलाकर अंतिम चेतानवी दी है और इसके बाद पकड़े जाने पर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि, सरगुजा जिले में बाइकर्स गैंग का आतंक चरम पर है। बाइकर्स झुण्ड में निकलकर शहर के साथ ही पर्यटन स्थलों में उत्पात मचा रहे है। हाल ही में जिले के मैनपाट में बाइकर्स गैंग के उत्पात मचाने का वीडियो सामने आया था। इस दौरान दर्जनों की संख्या में बाइकर्स मैनपाट के खतरनाक घाटी पर उत्पात मचाने के साथ ही हुडदंग कर रहे थे। परिवार के साथ मैनपाट पर्यटन स्थल पहुंचे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में अब एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
घेराबंदी कर बाइकर्स को पकड़ा
सरगुजा जिले में यातायात पुलिस, कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणीपुर, कोतवाली थाना की पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया। चेकिंग प्वाइंट लगाकर और घेराबंदी कर उत्पात मचाने वाले बाइकर्स को पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग बाइक चालकों के परिजन को बुलाकर कड़ी समझाइश दी है और भविष्य में पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अलग- अलग थानों में कार्रवाई
शुक्रवार को एक दिन में चेकिंग के दौरान यातायात शाखा द्वारा कुल 50 वाहन चालक, थाना कमलेश्वरपुर द्वारा 55 वाहन चालक, थाना दरिमा द्वारा 40 वाहन चालक, थाना कोतवाली द्वारा 8 वाहन चालक एवं थाना मणीपुर द्वारा 5 वाहन चालक कुल 158 वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की गई।
बाइकर्स के परेशान करने पर दें सूचना
पुलिस ने आम नागरिकों से आह्वान किया है कि किसी भी दर्शनीय स्थल या अन्य स्थानों पर बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने अथवा वाहनों के साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर परेशान करने सम्बन्धी जानकारी अथवा सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 में फोन कर अपनी सूचना दर्ज करा सकते है।