जशपुर। जिले में निजी बसों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला परिवहन विभाग सक्रिय हुआ और विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।
रात में RTO की कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी अरविंद भगत के नेतृत्व में जशपुर के गम्हरिया क्षेत्र में रात्रिकालीन बसों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान एक-एक बस की बारीकी से पड़ताल करते हुए यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित किराया, ओवरलोडिंग और अन्य परिवहन नियमों के पालन की जांच की गई।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जांच के दौरान अधिकारियों ने बस संचालकों को परिवहन नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अधिक किराया वसूलने, ओवरलोडिंग या किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसे विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुरक्षित और नियमों के अनुरूप संचालित हो सके।